Friday, April 16, 2010

तिब्बत में भूकंप, 400 लोग मरे

पेईचिंग : चीन के कब्जे वाले तिब्बती पठार के दूरदराज वाले क्षेत्र में आज आये 6.9 की तीव्रता वाले भूकंप में मरने वालों की संख्या 400 तक पहुंच गयी है जबकि इसमें दस हजार के करीब घायल हुए हैं. चीन के सरकारी टेलीविजन चैनल ने एक सरकारी अधिकारी के हवाले से बताया कि भूकंप में धराशायी हुये मकानों के मलबे में दबकर ही अधिकतर लोग हताहत हुए हैं. चीन की सरकारी संवाद समिति शिन्हुआ के अनुसार किंगघाई प्रांत के यूशु नगर क्षेत्र में तेज भूकंप के बाद आये कई झटकों के कारण ईंट से बने मकान धराशायी हो गये. क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य के लिये सेना को रवाना कर दिया गया है. अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण के अनुसार तिब्बत स्वायत्तशासी क्षेत्र को किंगघाई प्रांत से अलग करने वाले पर्वतीय क्षेत्र में आये भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.9 मापी गयी. भूकंप का केंद्र तिब्बत में काम्बो से 240 किलोमीटर उत्तर पश्मिोत्तर तथा किंगघाई के गोलकुंड नगर से 380 किलोमीटर दक्षिण दक्षिणपूर्व में जमीन से 47 किलोमीटर की गहरायी में स्थित था. इस क्षेत्र के दक्षिण और पूर्व में चरवाहों की बस्तियां और बौद्ध मठ स्थित हैं जबकि क्षेत्र से उत्तर और पश्चिम का क्षेत्र निर्जन है. इससे पहले गत मंगलवार को इसी क्षेत्र में पांच की तीव्रता वाला भूकंप आया था. इस पठार क्षेत्र में अक्सर भूकंप आते रहते हैं.

No comments:

Post a Comment